सर्वर ठप होने से 224 डंपर गौला के राजपुरा गेट पर फंसे
संवाददाता, हल्द्वानी। सर्वर ठप होने से 224 डंपर गौला के राजपुरा गेट पर फंस गए। दोपहर तीन बजे तक यह समस्या बनी रही। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं आरटीओ ने शीशमहल खनन गेट पर कैंप लगाकर वाहनों की फिटनेस को लेकर जानकारी दी।
गौला नदी में खनन धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है, लेकिन वन निगम के सर्वर की दिक्कत है कि खत्म होने का नाम नहीं ले रही। गुरुवार को एक बार फिर राजपुरा गेट पर सर्वर ठप हो गया। इससे निकासी कार्य पूरी तरह से रुक गया। करीब 224 डंपर नदी से बाहर नहीं आ पाए। आरएम एमपीएस रावत ने बताया कि सर्वर की दिक्कत रही, जिससे वाहन बाहर नहीं आ पाए। दोपहर बाद तकनीकी फॉल्ट को दूर कर दिया गया। एआरटीओ गुरदेव सिंह ने वाहन चालकों को फिटनेस के संबंध में जानकारी दी। साथ ही डंपरों पर रेडियम पट्टी भी लगवाई।